रामनगर। रामनगर स्थित एक रिजॉर्ट में दिल्ली की युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीडि़ता एक निजी कंपनी में बतौर सेल्स गर्ल कार्यरत है। कंपनी के 10 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कॉर्पोरेट आउटिंग में हिस्सा लेने वह रामनगर आई थी। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना रामनगर एक रिजॉर्ट की है। पीडि़ता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसके सहकर्मी शुभम भाटला ने उसे बातचीत के बहाने अपने कमरे में बुलाया। वहां आरोपी ने उस पर शराब पीने का दबाव बनाया और मना करने पर जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी ने अपने दूसरे साथी सौरभ ठाकुर को भी कमरे में बुला लिया। आरोप है कि दूसरे साथी ने भी पीडि़ता के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। इसी दौरान अत्यधिक शराब और मानसिक सदमे के कारण पीडि़ता की तबीयत बिगड़ गई। सुबह होते ही पीडि़ता ने आपबीती अपने अन्य सहकर्मियों को बताई और पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीडि़ता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है और रिजॉर्ट के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।







Leave a Comment