चकलुवा से बिन्दुखत्ता आई थी बारात
लालकुआं, हल्द्वानी। बिंदुखत्ता में एक शादी समारोह के दौरान तब हंगामा खड़ा हो गया जब दूल्हे ने फेरे लेने से पहले शादी करने से इंकार कर दिया। भोजन के बाद फेरों की तैयारी शुरू होने से पहले ही दूल्हा अचानक शादी से मुकर गया। यही नहीं, दूल्हा मंडप से उठकर भागने लगा। दूल्हे की इस हरकत से विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बाराती भी मौके से खिसक लिए। आक्रोशित ग्रामीणों ने दूल्हे को पकडक़र पुलिस चौकी पहुंचा दिया। देर रात तक लडक़ी पक्ष के लोग कोतवाली में डटे रहे और कार्रवाई की मांग करने लगे।
मिली जानकारी के मुताबिक बिंदुखत्ता की युवती का विवाह कालाढूंगी के चकलुवा क्षेत्र के पूरनपुर गांव निवासी उमेश पुत्र स्वर्गीय चंदन राम के साथ तय हुआ था। दोनों के बीच करीब एक वर्ष से मोबाइल पर बातचीत भी हो रही थी। लडक़ी पक्ष का आरोप है कि इस दौरान युवक कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। गुरुवार को धूमधाम के साथ बारात बिंदुखत्ता के तिवारीनगर नर्सरी गांव पहुंची। बारातियों का स्वागत हुआ और भोजन के बाद जयमाला की रस्म भी संपन्न हो गई। लेकिन जैसे ही फेरों की तैयारी शुरू हुई तो दूल्हे ने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए शादी करने से इनकार कर दिया और मंडप से उठकर भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास किया और काफी समझाया भी लेकिन वह विवाह के लिए तैयार नहीं हुआ।
बताया जाता है कि उसने जबरन शादी कराने पर इसकी जिम्मेदारी लडक़ी पक्ष की होने की बात भी कही। दूल्हे के शादी से मुकरते ही बाराती भी विवाह स्थल से जाने लगे। इसके बाद ग्रामीणों ने दूल्हे को पकडक़र बिंदुखत्ता पुलिस चौकी पहुंचाया। चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद दूल्हे को लालकुआं कोतवाली लाया गया।







Leave a Comment