देहरादून। आज रात बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होते ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी संपन्न हो जाएगी। आज (सोमवार) रात 9:37 पर बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। पंच पूजाओं के चौथे दिन रविवार को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के मंदिर में विराजमान होने का आमंत्रण दिया गया था। रावल अमरनाथ नंबूदरी ने मंदिर परिसर स्थित माता लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना कर कढ़ाई भोग अर्पित किया।
कपाट बंद होने के दिन आज श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के पुष्प श्रृंगार के दर्शन करेंगे। इस दिन भगवान नारायण का स्वर्ण श्रृंगार की जगह फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। रात साढ़े सात बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने की प्रक्रिया पांच दिन पहले पंच पूजा के साथ शुरू की गई थी। पहले दिन गणेश मंदिर, दूसरे दिन आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए। तीसरे दिन खडग़-पुस्तक पूजा के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद किया गया था।







Leave a Comment