देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता जी सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने आज (शुक्रवार) सुबह 11 बजे पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक है।
जानकारी के अनुसार, कल शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। वह अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 7 मई को पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया था और परिजनों से मुलाकात की थी। 8 मई को वह अपने पैतृक आवास पहुंचे थे जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था।







Leave a Comment