रुद्रपुर। पुलिस ने अफसाना हत्याकांड के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अवैध संबंध के शक में अफसाना की गला घोंटकर हत्या की थी। वारदात के बाद आरोपी बच्चियों को लेकर मथुरा भाग गया था। रुद्रपुर आने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
शनिवार को पुलिस बहुउद्देश्यीय भवन में एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि रुद्रपुर सुभाष कॉलोनी निवासी सौरभ राज ने आठ साल पहले अफसाना से प्रेम विवाह किया था। दोनों पेशे से मजदूरी करते थे। सौरभ पत्नी व दो बेटियों के साथ नीलांचल कॉलोनी फेज में स्थित शिवाजी कॉलोनी में गंगाराम मौर्या के मकान पर किराये पर रहता था। मकान मालिक गंगाराम के अनुसार दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। सौरभ आठ अप्रैल की रात करीब 12 बजे घर आया। वह नशे में था और आधी रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। अगली सुबह करीब चार बजे सौरभ ने कमरे में बाहर से कुंडी लगाई और बच्चों को लेकर फरार हो गया। 10 अप्रैल को पुताई के लिए कुंडा खोला तो अफसाना जमीन पर पेट के बल गिरी थी। शव सड़ चुका था और दुर्गंध उठ रही थी। पुलिस ने अगले दिन अफसाना के पिता ने आरोपी पति सौरभ राज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि आरोपी सौरभ राज को पकड़ने के लिए ट्रांसपोर्टर नगर, मंगलपड़ाव चौकी इंचार्ज और एसओजी प्रभारी को लगाया गया था। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी मथुरा रेलवे स्टेशन पर छिपा था। तीन मई को वह बच्चों के दस्तावेज लेने के लिए रुद्रपुर आया था, जहां टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इधर, सौरभ ने पुलिस को बताया कि उसे पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था, इसलिए दोनों के बीच अक्सर लड़ाई होती थी। आठ अप्रैल को पत्नी ने लड़ाई की तो उसने गुस्से में गला घोंटकर मार डाला। प्रेसवार्ता में सीओ सिटी नितिन लोहनी, कोतवाल उमेश मलिक मौजूद रहे। इधर, एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने घटना का पर्दाफाश करने वाली टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।