Report ring desk
हल्द्वानी। राजपुरा गौला गेट के समीप जंगल में ले जाकर बच्ची से दरिंदगी व हत्या का प्रयास करने वाला आरोपी सात बच्चों का पिता निकला। बच्ची ने करीब 150 फोटो देखने के बाद आरोपी की पहचान की। पुलिस ने आरोपी को राजपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना आठ अगस्त की है। राजपुरा क्षेत्र की 12 वर्षीय बच्ची अपने पिता को दोपहर में खाना देने गौला नदी की ओर गई थी। इसी बीच क्षेत्र में रहने वाला आरोपी 47 वर्षीय नफीस मिल गया। नफीस ने बच्ची को बताया था कि उसके पिता गौला नदी में मछली पकड़ रहे हैं। वह उसे मिलवा देगा। बहाने से वह बच्ची को लेकर जंगल में पहुंच गया। इसके बाद दुष्कर्म का प्रयास भी किया।

असफल होने पर पत्थर से बच्ची के चेहरे पर वार कर दिए और गला घोंट दिया। बेहोश होने पर वह बच्ची को मरा समझकर भाग गया था। डेढ़ घंटे बाद होश आने पर वह दर्द से कराहने लगी तो बकरी चरा रहे बुजुर्ग दंपती ने युवाओं को बुला लिया। तब बच्ची को अस्पताल ले जाया गया।

