अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक वाहन बाड़ेछीना के पास अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार 11 श्रद्धालु घायल हो गए जिनमें तीन को गंभीर चोटें आई हैं। सभी का उपचार जिला मुख्यालय बेस अस्पताल में चल रहा है। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के कानपुर और अयोध्या के बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक टनकपुर के पूर्णागिरि मेले में दुकान लगाने के बाद श्रद्धालु परिवार सहित कैंची धाम से जागेश्वर धाम दर्शन के लिए आ रहे थे। बाड़ेछीना पहुंचने के बाद चालक भूलवश जागेश्वर मार्ग की बजाय धौलछीना मार्ग पर मुड़ गया। बाड़ेछीना से करीब एक किलोमीटर आगे बाड़ेछीना-शेराघाट मोटर मार्ग पर बोलेरो वाहन यूके03टीए 0097 अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे के बाद सवारियों में चीख पुकार मच गई। वाहन में कुल 11 लोग सवार थे जिनमें चार बच्चे भी शामिल थे।
हादसे की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस और अन्य राहत दल भी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना पहुंचाया गया। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें 108 एंबुलेंस से बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर किया गया जहां उनका उपचार चल रहा है।







Leave a Comment