5 लाख 23 हजार महिलाओं को मिलेगा इसका लाभ
देहरादून। उत्तराखंड सरकार जल्द ही ‘बैणी-भुली योजना’ की शुरुआत करने जा रही है। इसके तहत प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार अगले माह दिसंबर में पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त जारी करेगी। योजना के तहत सरकार कुल 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में देगी। इसका लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को ही मिलेगा।
एक प्रेस वार्ता में ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की कुल 5.23 लाख महिलाओं को इस योजना के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि इस पर अंतिम मुहर सीएम पुष्कर सिंह धामी लगाएंगे। चौधरी ने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बैणी-भुली योजना उन महिलाओं को सीधा आर्थिक संबल देगी, जो स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुडक़र अपने परिवार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के निर्माण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रही हैं। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को आर्थिक सहयोग के साथ आजीविका के बेहतर अवसर मिलें।







Leave a Comment