देश में लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति सुधारने पर काफी ध्यान दिया जा रहा है। इसके चलते भारत में नित नए पुलों व राजमार्गों का निर्माण किया जा रहा है। इसी कड़ी में देश ने एक और जबरदस्त कामयाबी हासिल की है। बता दें कि भारत के इतिहास में अब तक का सबसे लंबा समुद्री पुल बनकर तैयार हो गया है। मुंबई और नवी मुंबई के बीच निर्मित इस पुल की लंबाई 21.8 किमी. है। इस पुल के तैयार होने के बाद मुंबई से नवी मुंबई की दूरी महज 15 मिनट में तय की जा सकेगी। जो कि अब तक लगभग दो घंटे में पूरी होती है।
इस पुल का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल सेतु रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इस असाधारण पुल का उद्घाटन किया। गौरतलब है कि पीएम मोदी ने दिसंबर 2016 में इस पुल की आधारशिला रखी थी। मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) का नाम अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु रखा गया है। चलिए आपको इस पुल की कुछ विशेषताएं बताते हैं। बताया जा रहा है कि अटल ब्रिज देश का सबसे लंबा समुद्री पुल होगा, इसकी लंबाई 21.8 किमी. होगी। इस पुल का 16.5 किमी. हिस्सा समुद्र के ऊपर और 5.5 किमी. जमीन के ऊपर निर्मित किया गया है। यह पुल 6 लेन का है। यह पुल मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। अब तक इस सफर को पूरा करने में 2 घंटे लगते थे, जो अब सिर्फ 15 मिनट में पूरा हो जाएगा। इसका सीधा लाभ पुणे, गोवा और दक्षिण भारत जाने वाले वाहनों को भी होगा। उन्हें भी अपने गंतव्य तक पहुंचने में कम समय लगेगा। इसके साथ ही यह पुल सुरक्षा के लिहाज से भी काफी सुरक्षित होगा। भूकंप, ज्वार, भाटा, आंधी आदि-तूफान में भी यह पुल सुरक्षित रहेगा। इसमें कई सीसीटीवी लगाए गए हैं, साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस(एआई) का भी इस्तेमाल किया गया है। बता दें कि दुनिया भर के कई देशों में ऐसे पुल समुद्र के ऊपर बने हुए हैं। अटल पुल विश्व का 12वां सबसे लंबा समुद्री पुल होगा। इसके निर्माण में 17 हज़ार 840 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। अनुमान के मुताबिक इस पुल पर हर रोज 70 हज़ार वाहन चल सकते हैं। पुल पर वाहनों की रफ्तार 100 किमी. प्रति घंटा होगी।

