नई दिल्ली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. यशवंत सिंह कठोच को पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पुरस्कार से सम्मानित किया। डा. कठोच ने 33 वर्षों तक शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दी। वे इतिहास एवं पुरातत्व के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान दे रहे हैं।
पौड़ी जिले के एकेश्वर विकासखंड स्थित मांसों गांव के मूल निवासी डॉ कठोच ने 1974 में आगरा विवि से प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति तथा पुरातत्व विषय में विवि में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वर्ष 1978 में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के गढ़वाल हिमालय के पुरातत्व पर शोध ग्रंथ प्रस्तुत किया और विवि ने उन्हें डीफिल की उपाधि से नवाजा। डा. कठोच वर्ष 1995 में प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए।