हल्द्वानी। बेटी के जन्मदिन पर शिक्षा विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सड़क हादसे में मौत हो गयी।
उप शिक्षा कार्यालय हल्द्वानी धौलाखेड़ा में तैनात 57 वर्षीय उपेंद्र सिंह नेगी ने आफिस से छुट्टी के बाद बेटी के जन्मदिन के लिए समोसा और मिठाई ली। नाती-नातिन के लिए चिप्स लेकर घर लौट रहे थे। एमबीपीजी कालेज के पास सड़क पार करते समय बोलेरो की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार मूल रूप से द्वाराहाट के रहने वाले उपेंद्र नेगी सुभाष नगर भोटिया पड़ाव में पत्नी दीपा नेगी और बेटे के साथ रहते थे। बेटी निधि की शादी हो चुकी है। बच्चों के स्कूल की छुट्टी होने पर बेटी अपने पति और दो बच्चों के साथ मायके आई है।
सोमवार को बेटी का जन्मदिन था। घर में जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं और परिवार उपेंद्र के लौटने का इंतजार कर रहा था। उपेंद्र रोज की तरह ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। वह स्टाफ के साथ लिफ्ट लेकर मुखानी तक पहुंचे और वहां से आटो से एमबीपीजी तक पहुंचे और सड़क पार करते समय हादसा हो गया।
परिवार के लोग जन्म दिन मनाने के बजाय उन्हें खोजते रहे और देर रात बेटे ने मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान की। उपेंद्र वर्ष 2029 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनका बेटा निजी संस्थान में योग शिक्षक है। परिजनों ने बताया कि 14 जून को उपेंद्र पूरे परिवार के साथ पूर्णागिरि माता के दर्शन कर लौटे थे। सोमवार को बेटी, दामाद और बच्चे कैंची बाबा के दर्शन को गए थे और पिता उपेंद्र ड्यूटी चले गए थे। 17 जून को बेटे के लिए रुद्रपुर रिश्ता देखने जाने की तैयारी भी थी, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।







Leave a Comment