Report ring desk
देहरादून। उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दो दिन से कोहरा छाया रहने के कारण सूरज के दर्शन नहीं हो पाए हैं। अधिकतम तापमान नीचे आने के कारण हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी और उधम सिंह नगर जिलों के मैदानी हिस्सों में शीत लहर चल रही है। मौसम विभाग ने शीत दिवस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। उधर पहाड़ों में धूप खिल रही है, हालांकि सुबह शाम ठंड का असर है। मौसम विभाग ने आज और कल हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी और उधम सिंह नगर जनपदों के मैदानी हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बनने की संभावना व्यक्त की है।
बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 21.5 और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों में पाला और मैदानी हिस्सों में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।


