उत्तरकाशी। प्रेम प्रसंग के चलते लोगों ने एक युवक की इतनी पिटाई कर दी की उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत 7लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है वहीं चार आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। युवक पर एक विवाहित महिला को भगाकर ले जाने का आरोप है। मृतक युवक मोटर मैकेनिक का काम करता था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चिन्यालीसौड़ बधाण निवासी रोशन लाल (34) पुत्र स्व. नैननाल गांव के कुछ लोगों के साथ शनिवार शाम को कुटेटी बैरियर की ओर घूमने गया था। इस दौरान उसके साथ मौजूद लोगों ने उससे मारपीट कर दी। रोशन लाल को जख्मी हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराकर वे फरार हो गए थे। लेकिन इलाज के दौरान रोशन की मौत हो गई।
मृतक के भाई संजय लाल ने बताया कि रोशन अविवाहित था। बीते 29 सितम्बर को रोशन गांव की ही दो बच्चों की मॉ को भगाकर ले गया था। पुलिस ने रोशन और महिला को स्यांसू बैरियर के पास पकड़ लिया था। एक अक्टूबर को एक आरोपी ने फोन करके उसे बताया कि वह रोशन को कोर्ट भेज दें ताकि उक्त महिला का पति से तलाक कराया जा सके।
मृतक के बड़े भाई संजय लाल ने थाना कोतवाली में रामलाल, लखमा देवी, अर्जुन, विकास, मनोज, केशव और विरेन्द्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। धरासू पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर अर्जुन, विकास, विरेन्द्र और केशव को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक रोशन की चिन्यालीसौड़ में मोटर मैकेनिक की दुकान थी।







Leave a Comment