अल्मोड़ा। अल्मोड़ा निवासी रवि टम्टा ने हवा में उड़ने वाले इलेक्ट्रिक वाहन तैयार किया है। यह वाहन बैटरी से संचालित होता है और हवा में उड़ान भरने में सक्षम है। रवि टम्टा ने अल्मोड़ा के आर्मी हेलीपैड में इसका सफल परीक्षण किया है। परीक्षण के दौरान वाहन के हवा में उड़ने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
धौलादेवी विकासखंड के काफलीखान निवासी रवि टम्टा ने अपने बनाए हपिडा स्काईनेक्स फ्लाइंग व्हीकल प्रोटोटाइप के सफल परीक्षण का दावा किया है। कई वर्षों के शोध, डिजाइन और तकनीकी परीक्षण के बाद तैयार किए गए इस प्रोटोटाइप ने हवा में उड़ान भरी। रवि टम्टा ने बताया कि इस परियोजना पर वह लंबे समय से काम कर रहे थे। उनका उद्देश्य ऐसा व्यक्तिगत हवाई वाहन तैयार करना हैए जो पूरी तरह इलेक्ट्रिक हो और भविष्य में लोगों के लिए हवाई यात्रा का एक नया विकल्प बन सके। रवि के अनुसार हपिडा स्काईनेक्स का परीक्षण परियोजना के लिए बड़ी उपलब्धि है।
रवि टम्टा ने जूनियर हाईस्कूल तक की शिक्षा सनरगोड़ से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने चेतराम साह ठुलघरिया इंटर कॉलेज, नैनीताल से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया और नैनीताल परिसर से बीए की डिग्री हासिल की। उनकी पत्नी सुनीता दुनाड़ गांव से वर्ष 2019 में बीडीसी सदस्य रह चुकी है। रवि की एक पांच वर्ष की बेटी है।
रवि टम्टा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी नवाचार कर रहे हैं। उन्होंने हपिडा पाइनपीट मशीन विकसित की है, जो चीड़ की सूखी पत्तियों को प्रोसेस कर पाइनपीट तैयार करती है। इसका उपयोग पौधशालाओं, बागवानी और मशरूम उत्पादन में किया जा रहा है। इसी मशीन से बायो पेलेट्स भी बनाए जाते हैं, जिनका इस्तेमाल ऊर्जा उत्पादन में किया जा सकता है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।







Leave a Comment