देहरादून। प्रदेश में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले में एक-एक आदर्श आयुष गांव बनाया जाएगा। इसके साथ ही नए योग व वेलनेस केंद्र भी विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एवं आरोग्य एक्सपो की उपलब्धि पर आधारित दस्तावेज, आयुष विभाग की कॉफी टेबल बुक व विज्ञान भारती के विज्ञान विधार्थी मंथन प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन पर यह बात कही।
धामी ने कहा कि विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एवं आरोग्य एक्सपो के दस्तावेज आने वाले वर्षों में आयुर्वेद के क्षेत्र में अनुसंधान, नीति-निर्माण और जन स्वास्थ्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विश्व आयुर्वेद कांग्रेस और एक्सपो मार्ट के आयोजन के माध्यम से हम न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व के विभिन्न देशों में यह संदेश देने में सफल रहे कि आयुर्वेद से उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने विज्ञान भारती के विज्ञान विद्यार्थी मंथन की सराहना करते हुए कहाए यह युवाओं में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, अनुसंधान की प्रवृत्ति और नवाचार की क्षमता को विकसित करने की एक सशक्त पहल के साथ युवा पीढ़ी को जिज्ञासु, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने का एक व्यापक अभियान है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ़ शैलेंद्र, सचिव आयुष दीपेंद्र चौधरी, निदेशक आयुर्वेद विजय जोगदंडे, प्रो. अनूप ठक्ïकर, चंद्रशेखर नय्यर, डॉ. वीके अशोक, प्रो. केडी पुरोहित के साथ ही विभिन्न गणमान्य लोग शामिल हुए।


Leave a Comment