अल्मोड़ा। महाराष्ट्र से अपने दोस्तों के साथ चितई मंदिर दर्शन के लिए आया युवक रात में भटक गया। देर रात वह बिना बताए होटल से बाहर चला गया और जंगल में भटक गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो उसके साथियों ने उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने अभियान चलाकर युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक जय प्रदीप सुनार अपने चार दोस्तों के साथ अल्मोड़ा घूमने आया था। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे वह चितई के एक होटल से बिना बताए बाहर निकल गया और जंगल की ओर चला गया। इस दौरान वह लगभग छह किलोमीटर तक जंगल में भटकता रहा। काफी देर होने पर भी जब वह वापस नहीं लौटा तो उसके साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। लेकिन जय का कोई सुराग नहीं मिला और उसके दोस्तों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल सर्च अभियान चलाया और करीब तीन घंटे की मशक्ïकत के बाद युवक को धारानौला क्षेत्र से घायल अवस्था में बरामद किया। युवक का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे सुरक्षित साथियों को सौंपा गया।
युवक ने बताया कि घर की याद आने पर वह होटल से बाहर निकल गया था। जंगल में जंगली जानवरों को देखकर वह घबरा गया और भागते समय गिरने से घायल हो गया। सर्च अभियान में पंकज डंगवाल, हरीश पांडे, कमल कुमार, पंकज, अमित टम्टा, लोकेश और पवन शामिल थे।







Leave a Comment