श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जिले के श्रीनगर गढ़वाल क्षेत्र में बंजी जंपिंग के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने मौत का संभावित कारण सिंकोप अटैक या कार्डियक स्ट्रोक होने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। युवक देहरादून से अपने परिवार के साथ धारी देवी मंदिर के दर्शन के लिए गया था।
घटना के मुताबिक, देहरादून के शांति विहार कालागढ़ निवासी संजीव रस्तोगी परिवार के साथ 16 जून को धारी देवी दर्शन के लिए गए थे। वापस लौटते हुए 21 वर्षीय बेटे लक्ष्य रस्तोगी ने मलेथा के पास बंजी जंपिंग की इच्छा जताई। परिजनों की सहमति पर लक्ष्य बंजी जंपिंग के लिए चला गया। अलकनंदा नदी के ऊपर रोमांचक बंजी जंपिंग कर जब वह वापस ऊपर आया तो उसने अचानक पेट और सीने में तेज दर्द और सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत की।
तबीयत बिगड़ती देख परिजनों ने तुरंत पास के रामकुंड लॉज में एक कमरा ले लिया, ताकि लक्ष्य थोड़ा आराम कर सके। हालांकि, कुछ ही देर में उसका दर्द असहनीय हो गया और वह बेहोश हो गया। परिजन रात करीब 9 बजे उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।







Leave a Comment