रामनगर। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन(यूबीएसई) के कक्षा 10 और कक्षा 12 के नतीजे जारी हो गए हैं। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नतीजे घोषित किए। रामनगर के एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोयल ने 10वीं में 500 में से 491 अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में पहला स्थान पाया है। वहीं, इंटरमीडिएट में बागेश्वर जिले की गीतिका पंत और उद्यमसिंह नगर जिले की सुशीला मेहंदीरत्ता ने 490 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया।
शनिवार को बोर्ड सभागार में शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ मुकुल कुमार सती ने संयुक्त रूप से परीक्षा के परिणाम जारी किए। डॉ मुकुल सती ने बताया कि इस साल 2,15,252 परीक्षार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था। इसमें हाईस्कूल में 1,12,266 व इंटर में 102986 परीक्षार्थी पंजीकृत शामिल रहे। बताया कि हाईस्कूल में उत्तीर्ण प्रतिशत 92.10 रहा। इसमें 88.03 फीसदी छात्र और 96.08 फीसदी छात्राओं का पास प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट का पास प्रतिशत 85.11 फीसदी रहा। इसमें 81.93 फीसदी छात्र और 88.09 फीसदी छात्राओं का पास प्रतिशत रहा। बताया कि इसके साथ ही वर्ष 2025 परीक्षाफल सुधार परीक्षा दुतीय के नतीजे भी जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा में 847 परीक्षार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था। इसमें हाईस्कूल में 382 में से 239 ने परीक्षा पास की जबकि इंटर में 464 में से 279 ने परीक्षा पास की। उन्होंने बताया कि परीक्षा के नतीजे बोर्ड की वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in में अपलोड कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपने परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना रोल नंबर दर्ज (Roll Number) करना होगा, जिसके बाद वे अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड भी कर पाएंगे।







Leave a Comment