कपकोट। श्रावण मास के पहले सोमवार को कपकोट स्थित शिवालय मंदिर के समीप एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूजा-अर्चना के दौरान सरयू नदी से जल भरने पहुंचे सात वर्षीय मासूम का पैर फिसल गया, जिससे वह नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस और जिला आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग सका था।
जानकारी के अनुसार, शिवालय वार्ड के आणू निवासी कमला देवी अपने सात वर्षीय पुत्र राकेश के साथ शिवालय मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पहुंची थीं। पूजा के लिए वह मंदिर की सीढ़ियों से सरयू नदी से जल भर रही थीं। इसी दौरान राकेश भी उनके साथ नदी किनारे आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जल भरने के बाद कमला देवी पूजा की थाली में रोली-चंदन आदि व्यवस्थित कर रही थीं। तभी राकेश नदी से पानी लेने की कोशिश करने लगा। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया।
बच्चे को बहता देख आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने शोर मचाया। मंदिर में दर्शन के लिए आए रोशन गढ़िया ने साहस का परिचय देते हुए तुरंत नदी में छलांग लगाकर बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण तब तक राकेश काफी दूर जा चुका था।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन द्वारा नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस और आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं।







Leave a Comment