देहरादून। वसंत विहार थाना क्षेत्र के फेज-2 में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से स्कूटी सवार युवक ने सोने की चेन झपट ली। वारदात के दौरान महिला सड़क पर गिर गईं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वसंत विहार फेज-2 निवासी विकास मित्तल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां राजरानी मित्तल 14 अगस्त की शाम करीब 4:45 बजे घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और किसी व्यक्ति का पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगा।
कुछ देर बातचीत के बाद आरोपी ने अचानक राजरानी के गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद उसने महिला को धक्का दिया और स्कूटी से फरार हो गया। अचानक हुए हमले से महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गईं।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की हरकतें कैद हुई हैं। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लूटी गई चेन बरामद करने की मांग की है। थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।







Leave a Comment