19 अगस्त को मंडी हाउस स्थित एलटीजी सभागार में होगा विशेष नाट्य मंचन
नई दिल्ली। देश के अमर शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलश कलाश्री की ओर से 19 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के मंडी हाउस स्थित एल.टी.जी. सभागार में उनके जीवन और अदम्य शौर्य पर आधारित विशेष नाटक ‘अमर शूरवीर की शौर्य गाथा’ का मंचन किया जाएगा। इस नाट्य प्रस्तुति में वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान अरुणांचल प्रदेश के नूरानांग क्षेत्र में राइफलमैन जसवंत सिंह रावत द्वारा प्रदर्शित असाधारण वीरता, साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
जसवंत सिंह रावत ने अत्यंत विषम परिस्थितियों में चीनी सेना के विरुद्ध मोर्चा संभालते हुए अद्भुत साहस का परिचय दिया गया था। उनकी वीरता से जुड़ी लोकप्रिय गाथा में कहा जाता है कि उन्होंने अकेले ही बड़ी संख्या में चीनी सैनिकों का सामना किया और दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचाया। उनका यह अदम्य साहस आज भी भारतीय सैनिकों और देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कलश कलाश्री के अध्यक्ष के.एन. पाण्डेय ने कहा कि इस नाट्य मंचन का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को देश के वीर सपूतों के त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि जसवंत सिंह रावत की कहानी हर भारतीय के भीतर राष्ट्रप्रेम और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करती है।
नाट्य मंचन के निर्देशक खिलानन्द भट्ट ने बताया कि नाट्य मंचन की प्रस्तुति के माध्यम से 1962 के भारत-चीन युद्ध की परिस्थितियों, सीमा पर भारतीय सैनिकों के संघर्ष और जसवंत सिंह रावत के अद्वितीय साहस को जीवंत करने का प्रयास किया जाएगा। देश के शहीदों की गाथाओं को रंगमंच के माध्यम से प्रस्तुत करना युवाओं को इतिहास से जोडऩे के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की भावना को भी मजबूत करती हैं।
उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को ही अमर शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत जी का जन्मदिन भी है। इसलिए इसी दिन नाट्य मंचन का कार्यक्रम रखा गया है। नाट्य मंचन में दो शो प्रस्तुत किए जाएंगे। पहला शो 5 बजे से शुरू होगा और दूसरा सायं 7:15 बजे से शुरू होगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक मात्रा में नाट्य मंचन देखने का निवेदन किया है।







Leave a Comment