ऋषिकेश। बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के समीप कार और डंपर की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती प्रदीप चौहान ने बताया कि हादसा मालाकुंठी के समीप हुआ। स्विफ्ट कार में चार लोग सवार थे और वे ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से कार की टक्कर हो गई। मोड़ पर हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार डंपर के नीचे जा घुसी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में कार चालक ऋषभ सेमवाल और उनके बगल की सीट पर बैठी उनकी बहन रक्षा सेमवाल, निवासी डांग, श्रीनगर, की मौके पर ही मौत हो गई।
कार की पिछली सीट पर बैठे दो लोग हादसे में घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। पुलिस घायलों के नाम और पते की जानकारी जुटा रही है।
बताया गया कि मृतक भाई-बहन के पिता सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी हैं। रक्षा कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थीं, जबकि ऋषभ सिंचाई विभाग में एक जेई के साथ अस्थायी तौर पर काम करते थे। पुलिस ने मृतकों के स्वजन को हादसे की सूचना दे दी है।







Leave a Comment