देहरादून। डोईवाला टोल प्लाजा के पास बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, एक पिकअप वाहन हाईवे पर आगे जा रहा था। अचानक उसका पिछला पहिया निकल गया, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ईको कार पिकअप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में ईको कार में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई।
पुलिस के मुताबिक, ईको कार में कुल सात लोग सवार थे। तीन गंभीर घायलों को सीएससी डोईवाला में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान दो की मौत हो गई। दो घायलों को हिमालयन अस्पताल और अन्य घायलों को देहरादून के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर टोल के पास करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







Leave a Comment