Uttarakhand DIPR
WhatsApp Image 2026 06 03 at 16.27.53

बदरीनाथ से लौट रहे तीर्थयात्रियों की कार गंगा में समाई, चार की मौत, तीन लापता

खबर शेयर करें

देवप्रयाग (टिहरी)। बदरीनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे राजस्थान के तीर्थयात्रियों की एक इनोवा कार मंगलवार सुबह देवप्रयाग में अनियंत्रित होकर गंगा नदी में गिर गई। भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। एक 12 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा दर्शन होटल के पास सुबह करीब 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए गंगा नदी में समा गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान नदी किनारे चार शव बरामद किए गए, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। देर शाम तक शवों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी।

तहसीलदार वीरम सिंह पंवार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार (यूके 08 टीए 5433) बदरीनाथ से लौट रही थी। वाहन में राजस्थान के जैसलमेर निवासी गुड्डी देवी (40), उनका बेटा अवलेश (22), आयुष्मान (12), बेटी जाह्नवी (18), नंबरदार, डॉ. दिनेश (27), उनकी पत्नी कमला तथा चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे।

देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान आयुष्मान नदी किनारे ढलान पर घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। वहीं लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों और राफ्ट की मदद से अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

पुलिस के अनुसार वाहन हरिद्वार आरटीओ में प्रवेश कुमार के नाम पर पंजीकृत है। वाहन के परमिट, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज वैध पाए गए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के बाद मृतकों और लापता लोगों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रशासन ने बचाव अभियान जारी रखने की बात कही है।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top