बागेश्वर। बागेश्वर के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य की स्कूल के ही क्लर्क ने स्कूल जाते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद स्कूल और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अचानक हुए हमले में प्रधानाचार्य को संभलने तक का मौका नहीं मिला। उनके शरीर पर कई वार कर दिए जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सडक़ पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
मिली जानकारी के अनुसार राजकीय इंटर कालेज भटकोला के सैंज निवासी 55 वर्षीय प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा रोजाना की तरह शनिवार सुबह अपने विद्यालय के लिए निकले थे। वह मुख्य सडक़ तक अपनी गाड़ी से गए और वहां से पैदल स्कूल की ओर जा रहे थे कि तभी विद्यालय जाने वाले मार्ग पर पहले से मौजूद आरोपी क्लर्क नवल किशोर ने उन पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में प्रधानाचार्य को संभलने तक का समय नहीं मिल पाया और वे वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना पर परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को तत्काल जिला अस्पताल लेकर गए। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शिक्षक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।







Leave a Comment