हल्द्वानी। बनभूलपुरा स्थित एक इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दो छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद एक छात्रा अचानक चीखने-चिल्लाने लगी। घटना के बाद कॉलेज में भूत-प्रेत की अफवाह फैल गई और परीक्षा दे रही छात्राओं में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं और 11वीं की एक दो छात्राओं ने चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत की। इसी दौरान एक छात्रा के अचानक चीखने-चिल्लाने से आसपास बैठी छात्राएं घबरा गईं। डर के कारण कुछ छात्राएं रोने लगीं और देखते ही देखते कक्षाओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद कॉलेज में छात्राओं के बीच भूत-प्रेत की बाधा की अफवाह तेजी से फैल गई। इससे परीक्षा दे रही अन्य छात्राएं भी डर गईं और परीक्षा प्रभावित होने लगी।
सूचना मिलने पर विद्यालय प्रशासन ने तत्काल स्थिति संभाली और छात्राओं को शांत कराया। प्रशासन ने छात्राओं को समझाकर अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई।







Leave a Comment