देहरादून । देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का भय दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक कथित बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़िता से ठगा गया करीब 15 तोला सोना तथा 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
थाना सेलाकुई में 31 मई 2026 को ओशीन गुरंग निवासी शहीद किशन थापा मार्ग, सेलाकुई ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि महंत राहुल थापा ने तंत्र-मंत्र और अनिष्ट का डर दिखाकर पूजा-अनुष्ठान के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए उनके परिवार के लगभग 65 तोला सोने के आभूषण हड़प लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान 11 जून को राहुल थापा निवासी तेलपुरा अटक फार्म, सेलाकुई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर ठगे गए आभूषणों को गलाकर बनाए गए लगभग 150 ग्राम के सोने के बिस्किट तथा अन्य आभूषण बेचकर प्राप्त 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2013 से पंडिताई का कार्य कर रहा है और लोगों का भविष्य बताने तथा धार्मिक अनुष्ठान कराने का काम करता है। अधिक धन कमाने के लालच में उसने एक योजना बनाई, जिसके तहत वह अपने संपन्न परिचितों और शिष्यों के घरों के बाहर रात में जादू-टोने से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंक देता था। अगले दिन वह उन्हें फोन कर अनिष्ट और तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर पूजा-अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता था।
इसी योजना के तहत उसने अपनी दूर की रिश्तेदार ओशीन गुरंग को निशाना बनाया। आरोपी ने उनके घर के बाहर एक काले कपड़े में तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंकी और बाद में फोन कर उसे अशुभ संकेत बताकर विशेष अनुष्ठान कराने के लिए राजी किया।
पूजा के दौरान आरोपी ने महिला और उसकी मां से सभी आभूषण एक पोटली में बांधकर संदूक में रखने को कहा। बाद में मौका पाकर उसने संदूक से आभूषण निकाल लिए और संदूक को बंद कर दिया। अनुष्ठान समाप्त होने पर उसने संदूक को 62 दिनों तक न खोलने की सलाह दी। इस दौरान वह आभूषण अपने साथ ले गया और उन्हें ठिकाने लगाने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







Leave a Comment