Report ring desk
हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में ढाबा मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि वारदात पत्नी के मायके के पास हुई। परिजन पत्नी पर हत्या की साजिश का आरोप लगा रहे हैं।
चांदमारी निवासी मंगल प्रसाद का 32 वर्षीय पुत्र अमित कुमार का सलड़ी में ढाबा था। बृहस्पतिवार शाम वह रुद्रपुर तहसील में कार्यरत बहन शालिनी को लेने के लिए बाइक से काठगोदाम के लिए निकला लेकिन पुल पर जाम होने के कारण वह नहीं जा सका। बहन खुद ही घर चली आई। इसी बीच किसी ने घर आकर शालिनी को सूचना दी कि उसका भाई गली में लहूलुहान पड़ा है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस अमित को एसटीएच ले गयी जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहन और पिता हत्या का पत्नी पर शक जता रहे हैं। शालिनी के अनुसार अमित ने दस साल पहले पड़ोस की निकिता से प्रेम विवाह किया था। दोनों की सात साल की बेटी है। दंपती में अनबन होने पर निकिता चार महीने पहले अपने मायके चली गई थी। बेटी अमित के पास थी। पत्नी ने सितंबर में अमित और उसके पिता के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। पुुलिस ने अमित और उसके पिता को दहेज उत्पीड़न में गिरफ्तार किया था।


Leave a Comment