हल्द्वानी। तीनपानी फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो नाबालिग छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जेईई की तैयारी कर रहे चारों एक ही कोचिंग से लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार हादसा दोपहर करीब 3 45 पर हुआ। गौलापार हाईवे से लालकुआं की ओर जा रही कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गये। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार सवारों को एसटीएच पहुंचाया गया।
वहां डॉक्टरों ने ऊंचापुल निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला पुत्र डा शैलेंद्र धपोला और देवलचौड़ खाम निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक पुत्र रवि मोहन पाठक को मृत घोषित कर दिया। जबकि पीलीकोठी निवासी 17 वर्षीय भाविका पुत्री रमेश धामी और श्याम बिहार निवासी 16 वर्षीय प्रांजल मावड़ी पुत्र प्रेम सिंह मावड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एसटीएच में भर्ती कराया गया। उत्कर्ष के पिता और घायल प्रांजल के पिता भीमताल स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट में प्रवक्ता पद पर तैनात हैं।







Leave a Comment