लोगों के साथ पुलिस को भी भेजा शोक संदेश का कार्ड, सोशल मीडिया में हो रहा वायरल
आगरा। बेटी के प्रेमी के साथ रहने के फैसले से नाराज परिजनों ने अपनी जिंदा बेटी शांति पाठ करा दिया। यही नहीं परिजनों ने शोक संदेश के कार्ड छपवाए और लोगों को भी आमंत्रित किया। शांति पाठ में पहुंचे लोगों के सामने बेटी की तस्वीर रखी गई और उस पर माला चढ़ाई गई। इस अनोखे आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। शांति पाठ से संबंधित कार्ड पुलिस को भी भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार कस्बे की एक युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। परिजनों ने नामजद लोगों के खिलाफअपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवती की तलाश शुरू की और उसे बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस युवती को न्यायालय में पेश करने के लिए ले गई। वहां युवती ने अपने परिवार के साथ रहने के बजाय प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जताई। युवती के बालिग होने के कारण न्यायालय ने उसके बयान और इच्छा को ध्यान में रखते हुए उसे प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी।
कोर्ट के इस फैसले से नाराज परिजनों ने बेटी के जीवित रहते शांति पाठ का आयोजन कर दिया। इसके लिए बाकायदा शोक कार्ड छपवाए गए और परिचितों को आमंत्रित किया गया। शांति पाठ में युवती की फोटो रखकर उस पर माला चढ़ाई गई। शांति पाठ के कार्ड पुलिस को भेजे जाने के बाद मामला चर्चा में आ गया।







Leave a Comment