देहरादून। अंकिता भंडारी मर्डर केस मामले में सीबीआइ ने जांच तेज कर दी है। सीबीआई की टीम अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सहारनपुर स्थिति आवास पहुंची और वहां कोर्ट में पेश होने के लिए उर्मिला को नोटिस दिया गया है। इसके बाद अब उर्मिला की पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की टीम यानी सीबीआइ तीसरी बार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर पहुंची, जहां सीबीआइ ने उर्मिला को अदालत में पेश होने के लिए आधिकारिक रूप से नोटिस सौंपा। नोटिस के अनुसार उर्मिला सनावर को शुक्रवार 23 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे देहरादून स्थित सीबीआइ के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा गया है।
देहरादून के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप सिंह भंडारी की तरफ से यह नोटिस 21 अक्टूबर को जारी किया गया है। अदालत में मुख्य रूप से यह स्पष्ट किया जाएगा कि उर्मिला सनावर पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट के लिए अपनी इच्छा से सहमति दे रही हैं या नहीं। कोर्ट यह भी सुनिश्चित करेगा कि उनकी तरफ से भरी जाने वाली हामी किसी भी प्रकार के दबाव, धमकी, लालच या अनुचित प्रभाव में न दी गई हो।
मालूम हो कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर तमाम सवाल उठते आ रहे हैं। उर्मिला सनावर से जुड़े कुछ कथित ऑडियो और वीडियो क्लिप सामने आने के बाद इस प्रकरण ने फिर से तूल पकड़ा था।







Leave a Comment