टिहरी। मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में पंजाबी गायक दलेर मेंहदी को टोकने और नशे में होने का आरोप लगाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दलेर मेंहदी के समर्थन में कई कलाकार सामने आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि दलेर मेंहदी की तबीयत खराब थी। जिस वजह से वे परफॉर्म नहीं कर पाए। इस मामले में एक बार फिर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का बयान सामने आया है।
गायक मिका सिंह, हर्षदीप कौर, रैपर बादशाह और कॉमेडियन कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर आकर दलेर मेहंदी का बचाव किया है। दलेर के छोटे भाई और गायक मिका सिंह ने दावा किया कि दलेर मेहंदी ने कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया है। कॉमेडियन कपिल शर्मा ने कहा कि दलेर मेहंदी की कुछ गंभीर सर्जरी हुई थी, जिसके बारे में लोगों को जानकारी नहीं है।
सुबोध उनियाल का कहना है कि यदि गायक की तबीयत खराब थी तो उन्हें कार्यक्रम में आना ही नहीं चाहिए था। सुबोध उनियाल ने कहा कि उन्हें पहले ऐसा वादा ही नहीं करना चाहिए था। अगर आप शारीरिक रूप से फिट नहीं हैं तो परफॉर्म करके खुद को मूर्ख बना रहे हैं, यदि आप ठीक से बोल तक नहीं सकते, तो आपको आना नहीं चाहिए था।
मालूम हो कि दलेर मेंहदी के कार्यक्रम के मंच पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यक्रम रोककर नशे में होने का आरोप लगाया था। इसका वीडियो भी सामने आया था। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी वायरल किया गया जिसके बाद कई हस्तियां दलेर के समर्थन में आ गई।







Leave a Comment