कालसी (देहरादून)। कालसी तहसील क्षेत्र के ग्राम कचटा में बृहस्पतिवार को गृह क्लेश के दौरान एक पति ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी की पाठल से कई वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची राजस्व पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई पाठल बरामद कर ली है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल के अनुसार, आरोपी मनोज मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार दोपहर वह भोजन करने के लिए घर आया था। उस समय वह दो मंजिला मकान की निचली मंजिल पर स्थित कमरे में अपनी पत्नी नीलम के साथ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद के बाद नीलम चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकल आई। उसकी आवाज सुनकर मनोज की बहन और परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। इसी बीच मनोज भी पत्नी के पीछे बरामदे में पहुंचा और उसे पकड़कर वहां रखी तेजधार पाठल से हमला कर दिया। उसने नीलम की गर्दन, पीठ और बगल पर कई वार किए। गंभीर चोटें लगने के कारण नीलम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मनोज फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची राजस्व पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हत्या में इस्तेमाल की गई पाठल बरामद कर ली। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।







Leave a Comment