दुग्ध उत्पादकों के लिए 30 करोड़ की सौगात, मुकेश बोरा ने जताया आभार
लालकुआं दुग्ध संघ के 52 हजार उत्पादकों को लाभ, मुकेश बोरा ने जताया आभार
दुग्ध उत्पादकों के हित में बड़ा फैसला, मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री एवं दुग्ध मंत्री का किया आभार व्यक्त
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अवगत कराया कि दुग्ध उत्पादकों के हित में दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रदेश के करीब 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का लाभ लालकुआं दुग्ध संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को भी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत 30 करोड़ रुपये में 14 करोड़ रुपये दूध मूल्य प्रोत्साहन, 13 करोड़ रुपये साईलेज अनुदान तथा 3 करोड़ रुपये चारा परिवहन अनुदान के लिए निर्धारित किए गए हैं। मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों के लिए भी प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है।
मुकेश बोरा ने बताया कि स्वीकृत धनराशि में से 14 करोड़ रुपये की दूध मूल्य प्रोत्साहन राशि में लालकुआं दुग्ध संघ को लगभग साढ़े आठ करोड़ रुपये, 13 करोड़ रुपये के साईलेज अनुदान में करीब साढ़े सात करोड़ रुपये तथा 3 करोड़ रुपये के चारा परिवहन अनुदान में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। इससे नैनीताल दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों एवं पशुपालकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि साईलेज अनुदान से दुधारू पशुओं के लिए पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ेगी, जबकि चारा परिवहन अनुदान से पशुपालकों को चारे के परिवहन पर होने वाले खर्च में राहत मिलेगी। इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होगी।
दुग्ध संघ अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार की ओर से दिए जा रहे प्रोत्साहन एवं अनुदान से दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और दुग्ध व्यवसाय को नई गति मिलेगी।
मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों के हित में प्रोत्साहन एवं अनुदान की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लालकुआं नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा एवं संस्था की ओर से सरकार के इस जनहितकारी निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक संबल मिलेगा और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलेगा।







Leave a Comment