धौलादेवी, अल्मोड़ा। खण्डस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चमुवा के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के बच्चों ने आशुभाषण प्रतियोगिता में द्वितीय, श्लोकोच्चारण में द्वितीय तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा नृत्य एवं नाटक प्रस्तुतियों में भी विद्यार्थियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया।

धौलादेवी विकासखंड के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय काफली में आयोजित 18वीं खण्डस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में छह प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें समूहगान, नाटक, आशुभाषण, वाद-विवाद, समूह नृत्य एवं श्लोकोच्चारण प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

विद्यालय की शिक्षिका प्रेमा गड़कोटी ने बताया कि रा.उ.मा.वि. चमुवा के बच्चों ने आशुभाषण प्रतियोगिता में द्वितीय, श्लोकोच्चारण में द्वितीय तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल किया। आशुभाषण में कक्षा 9 के अक्षय बोरा, वाद विवाद में सौरभ कार्की व आदित्य कार्की एवं श्लोकोच्चारण में हिमांशु कार्की ने भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

बच्चों के शानदार प्रदर्शन पर अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, उन्होंने इस सफलता के लिए विद्यालय के गुरुजनों की मेहनत और मार्गदर्शन की सराहना की।
प्रतियोगिता में सफल बच्चों को ब्लाक प्रमुख लीला बिष्ट व खण्ड शिक्षा अधिकारी दीक्षा बेलवाल ने प्रमाण पत्र एवं नकद धनराशि देकर सम्मानित किया और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।







Leave a Comment