देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। गोली मारने के बाद वह फरार हो गया। पुलिस के कंट्रोल रूम में सोमवार सुबह करीब 6 बजे युवक ने फोन पर ये सूचना दी और उसके बाद वह फरार हो गया। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन पुलिस ने कॉल करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर आसपास तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार काजल अपने पति धीरज के साथ ईदगाह रोड सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। उसके भाई अभिषेक का घर भी बगल में है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच सोमवार सुबह गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई। महिला की पहचान काजल (26) पत्नी धीरज पंवार के रूप में हुई जो मृत अवस्था में मिली।
प्रारंभिक जांच में गोली लगने से उसकी मौत होना सामने आया है। घटना के मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। जिसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोर्ट में चल रहा था तलाक का मामला
सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक धीरज और काजल की शादी करीब दस साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। बड़ा बच्चा नौ वर्ष और छोटा आठ वर्ष का है। पुलिस के मुताबिक दंपति के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। दोनों का तलाक का मामला भी कोर्ट में चल रहा था।







Leave a Comment