काशीपुर। रविवार रात जन्मदिन की पार्टी के बाद घर लौट रहे 26 वर्षीय टेंट व्यवसायी संजीव का शव सोमवार सुबह राजपुर-प्रतापपुर रोड पर भल्ला पुल के पास खेत में घुसी कार से बरामद हुआ। सिर और गर्दन पर गंभीर चोट के निशान मिलने, कार का दरवाजा खुला होने और दोनों मोबाइल फोन गायब मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने संजीव के साथ पार्टी करने वाले दो किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम बाजावाला, ढकिया नंबर एक, कुंडेश्वरी निवासी संजीव (26) पुत्र स्व. सोहन सिंह के रूप में हुई है। संजीव रामनगर के थारी क्षेत्र में टेंट की दुकान चलाते थे। दुकान पर शिवम नाम का युवक करीब तीन साल से काम करता है। रविवार को शिवम का जन्मदिन था। इस मौके पर संजीव, शिवम और एक अन्य युवक रामनगर कोसी पुल की ओर गए थे। वहां तीनों ने साथ में बीयर पी। इसके बाद संजीव दोनों युवकों को उनके घर छोड़कर लौट रहा था।
सोमवार सुबह राजपुर-प्रतापपुर रोड पर भल्ला पुल के पास एक दूधिया ने खेत में घुसी कार देखी। कार के अंदर संजीव का शव पड़ा था। उसने ग्रामीणों और पुलिस को इसकी सूचना दी। शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का लगा, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों ने पुलिस को हत्या समेत अन्य पहलुओं की जांच के लिए मजबूर किया।
पुलिस के अनुसार, कार की आगे की सीट पर खून फैला हुआ था, जो पिछली सीट तक पहुंचा था। संजीव के सिर के पिछले हिस्से और गर्दन पर गहरे चोट के निशान मिले। कार का एक दरवाजा खुला था और मृतक के दोनों मोबाइल फोन भी गायब थे।
घटना के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल की गहन जांच कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अंतिम बार संजीव के साथ देखे गए दोनों किशोरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सीओ प्रशांत कुमार के अनुसार, दोनों किशोर पूछताछ के दौरान अपने बयान बदल रहे हैं।
मृतक के चचेरे भाई शिव प्रसाद सिंह ने बताया कि संजीव के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उनकी 20 वर्षीय छोटी बहन आरती है। संजीव की शादी करीब पांच वर्ष पहले निशा से हुई थी और उनकी तीन वर्षीय बेटी हर्षिता है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







Leave a Comment