हल्द्वानी। वनभूलपुरा के लाइन नंबर 16 में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। एयर कंडीशनर की बाहरी यूनिट में करंट आने से कार मैकेनिक नदीम (45) और उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे नदीम को घर में लगे एयर कंडीशनर की आउटडोर यूनिट में करंट आने की जानकारी मिली। वह जांच करने के लिए छत पर पहुंचे। इस दौरान उनकी बड़ी बेटी अलिज्बा टॉर्च से उन्हें रोशनी दिखा रही थी।
जैसे ही नदीम ने एसी की बाहरी यूनिट की जांच शुरू की, उन्हें करंट लग गया। पिता को बचाने के लिए अलिज्बा ने टॉर्च फेंककर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। नदीम को छूते ही वह भी करंट की चपेट में आ गई।
शोर सुनकर परिजन छत पर पहुंचे और दोनों को अचेत हालत में तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई नाजिम ने बताया कि नदीम मुखानी थाना क्षेत्र में कार का गैराज चलाते थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। नदीम अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।







Leave a Comment