हल्द्वानी। शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार और हैदराबाद की एक रीसाइक्लिंग कंपनी ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत खाली प्लास्टिक बोतलें, चिप्स के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक के कैन और टेट्रा पैक वापस करने पर लोगों को प्रति आइटम 2 रुपये का कैश रिफंड दिया जा रहा है।
फिलहाल इस योजना का डेमो हल्द्वानी, भीमताल और रामनगर में चलाया जा रहा है। शुक्रवार को हल्द्वानी नगर निगम परिसर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत “सबका साथ, स्वच्छ उत्तराखंड” थीम पर स्टॉल लगाकर लोगों को योजना की जानकारी दी गई।
स्टॉल पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि वापस की गई वस्तुओं पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करने के बाद उपभोक्ताओं के खाते में सीधे 2 रुपये भेजे जा रहे हैं। योजना का उद्देश्य लोगों को कचरा सड़कों पर फेंकने के बजाय उसे रीसाइक्लिंग के लिए वापस करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कर्मचारियों के अनुसार, अभी यह योजना तीन शहरों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में संचालित की जा रही है। भविष्य में ऐसे केंद्र अन्य शहरों में भी खोले जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से चारधाम यात्रा मार्गों पर भी इस प्रकार के केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। इससे कचरा प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा।







Leave a Comment