हल्द्वानी । हल्द्वानी में नैनीताल पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने पहले पुताई के बहाने कार्यालय की रेकी की और फिर मौका मिलते ही लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दे डाला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से ₹3,17,500 नकद और आधार कार्ड बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कुछ दिन पहले बच्ची नगर नंबर-01 स्थित एक कार्यालय में पुताई का काम किया था। इसी दौरान उसकी नजर वहां रखी नकदी पर पड़ गई। शक से बचने के लिए वह करीब 10 दिनों तक शांत बैठा रहा और फिर रात के समय कार्यालय का शटर तोड़कर लगभग ₹3.50 लाख नकद और जरूरी दस्तावेज चोरी कर फरार हो गया।
घटना के बाद 27 मई 2026 को विक्रम सिंह कनवाल निवासी हिम्मतपुर तल्ला, हल्द्वानी ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने FIR No. 65/26 धारा 305(a)/331(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई।
लगातार निगरानी के बाद 28 मई 2026 को पुलिस ने लामाचौड़ खास क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान बबलू (31 वर्ष) पुत्र डोरी लाल निवासी कालिका कॉलोनी, लोहारियासाल तल्ला, हल्द्वानी के रूप में हुई। आरोपी मूल रूप से पीलीभीत, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की रकम में से ₹3,17,500 नकद और वादी का आधार कार्ड बरामद किया है। मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।







Leave a Comment