सितारगंज । हल्द्वानी मंडी से घर लौट रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। बताया जाता है कि 23 फरवरी को युवक के बड़े भाई की शादी होनी है। शादी की तैयारियों की खुशी के बीच घर में मातम छा गया।
गांव मैदना, न्यूरिया ( पीलीभीत) निवासी 23 वार्षिय अमर सिंह पुत्र रामचंद्र अपने 14 वर्षीय चचेरे भाई गौतम सिंह के साथ बाइक से हल्द्वानी स्थित मंडी गया था। बुधवार को हल्द्वानी से वापस लौटते समय गांव सिसौना, कल्याणपुर के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उप जिला अस्पताल, सितारगंज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गौतम सिंह की हालत नाजुक होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। परिजनों के अनुसार, मृतक अमर सिंह अविवाहित था और सिडकुल, रुद्रपुर स्थित एक कंपनी में कार्यरत था।
आगामी 23 फरवरी को उसके बड़े भाई राहुल सिंह की शादी होनी है, जिसके चलते घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और मेहमान भी पहुंच चुके थे। बताया जा रहा है कि शादी की तैयारियों के सिलसिले में ही वह हल्द्वानी गया था। लेकिन वापसी के दौरान हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।







Leave a Comment