नैनीताल। नैनीताल जिले के रामगढ़ के गागर इलाके में एक पर्यटक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए लोग गाजिय़ाबाद के रहने वाले बताए गए हैं। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात पर्यटकों का वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और खाई में गिरे आठ लोगों को बाहर निकालकर भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सचिन (32) पुत्र विजेंद्र चौधरी और लक्षी (12) पुत्र विकास को मृत घोषित कर दिया। बाकी छह घायलों नितिन (32), रुचि (39), निस्ता (14), शामा, कंचन (26) और लवे (11) को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि हादसे के बाद सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया गया है और मृतकों के शव भवाली में रखे गए हैं। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि सभी लोग गाजियाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।






Leave a Comment