Uttarakhand DIPR
Chaina

पड़ोसी देश चीन में मनाया जा रहा है राष्ट्रीय दिवस, देशभक्ति का माहौल

खबर शेयर करें

Anil Azad Pandey

भारत के पड़ोसी देश चीन में आजकल आज़ादी का जश्न मनाया जा रहा है। ऐसा जश्न कि पूरे देश में एक हफ्ते से अधिक की छुट्टियां हैं। इसे चीन का नेशनल डे कहा जाता है, जो सभी चीनियों के लिए बहुत खास अवसर होता है। गोल्डन वीक के दौरान करोड़ों लोग देश–विदेश की यात्रा कर रहे हैं। ट्रेनों में लोगों की भीड़ है, हवाई मार्ग और सड़क मार्ग से भी बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं। यह चीन के टूरिज्म सेक्टर के लिए किसी वरदान से कम नहीं होता। क्योंकि इन छुट्टियों में लोग खूब खर्च करते हैं और सिनेमा देखने भी जाते हैं। इस तरह देश में अलग ही तरह का माहौल और रंग नजर आता है।

Chaina03

गौरतलब है कि इस साल नए चीन की स्थापना की 77वीं वर्षगांठ मनायी जा रही है। इस दौरान लोगों में देशभक्ति की भावना गहराई से महसूस की जा सकती है। विश्व की दूसरी सबसे बड़ी आबादी और अर्थव्यवस्था वाला देश चीन लगातार तरक्की कर रहा है। हालांकि नए चीन के गठन से पहले चीन एक गरीब और कमज़ोर देश हुआ करता था। 1 अक्तूबर 1949 को चीन लोक गणराज्य की स्थापना के बाद चीनी नेताओं ने देश के विकास के लिए काफी काम किए। इस तरह चीनी नागरिकों की किस्मत बदल गयी। आज चीन में गगनचुंबी इमारतें और शानदार आधारभूत ढांचा चीन के विकास और तरक्की की कहानी खुद बयान करता है। साथ ही लोगों का जीवन समृद्ध हो चुका है, जो अपने भविष्य को और बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत हैं।

बता दें कि 1 अक्तूबर 1949 को चेयरमेन माओ त्सेतुंग ने बीजिंग के ऐतिहासिक थ्येनआनमन चौक से झंडा फहराया और नए चीन की स्थापना की घोषणा की। इस तरह चीनी नागरिकों को लंबे संघर्ष के बाद खुली हवा में सांस लेने का अवसर मिला। हालांकि चीन ने पचास के दशक में ही विकास कार्यों पर ध्यान देना शुरू कर दिया था। लेकिन असली परिवर्तन अस्सी के दशक से शुरू हुआ, जब देश में खुले द्वार की नीति लागू हुई। चीन एक गरीब देश से कुछ ही दशकों में मजबूत राष्ट्र बन चुका है। चीन मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर से लेकर तकनीक हर जगह महारत हासिल कर चुका है। आज दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका भी चीन को सम्मान की नज़र से देखता है। क्योंकि उसे चीन की अहमियत का पता है।

Chaina04

इस बीच राष्ट्रीय दिवस के दौरान चीन में देशभक्ति का वातावरण है और विभिन्न गतिविधियों के अलावा आतिशबाज़ी आदि भी होती है।

गौरतलब है कि नेशनल डे की छुट्टियों के दौरान शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जो घर पर बैठ कर समय बिता रहा होगा। किसी भी पार्क या पर्यटक स्थल पर चले जाइए आपको लोगों की भीड़ दिखेगी। लोग इस दौरान अपने दोस्तों और परिजनों के साथ खूब समय बिताते हैं। इतनी भीड़ होने के बावजूद हर चीज़ व्यवस्थित और नियंत्रित दिखती है। इस तरह चीन राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर हॉलेडे मोड पर है, लोगों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम भी किए गए हैं।

(लेखक चाइना मीडिया ग्रुप में वरिष्ठ पत्रकार हैं और कई वर्षों से चीन में कार्यरत हैं।)

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top