Uttarakhand DIPR
WhatsApp Image 2026 10 06 at 19.35.05

ट्रिपल मर्डर से दहली राजधानी, रिटायर्ड दंपती व नौकरानी की बेरहमी से हत्या

खबर शेयर करें

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार को तिहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। यहां एक घर में घुसे युवक ने 85 वर्षीय बुजुर्ग, उनकी 76 वर्षीय पत्नी और 45 वर्षीय घरेलू सहायिका की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

मृतकों की पहचान 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला के रूप में हुई है। घटना विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है।

शुरुआती पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी प्लंबर का काम करता है और कपूर दंपति से पहले से परिचित था। बताया जा रहा है कि प्लंबिंग के काम के लिए कपूर दंपति ने उसे घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद किसी बात को लेकर आरोपी और बुजुर्ग दंपति के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया।

पड़ोस में रहने वाली भारती भंडारी के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे उन्होंने कपूर दंपति के घर से शोर-शराबे की आवाज सुनी। आवाज सुनकर जब वह बाहर आईं तो उन्होंने एक युवक को घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका पर पेचकस से हमला करते हुए देखा।

भारती भंडारी ने बताया कि यह देखकर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोप है कि शोर सुनकर युवक पेचकस हाथ में लेकर उनकी ओर भी दौड़ा। इसी दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग कपूर निवास की ओर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भागने लगा।

घर के बाहर मौजूद एक व्यक्ति ने आरोपी का पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

स्थानीय लोगों की मदद से कपूर दंपति और उनकी घरेलू सहायिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या की पूरी वजह और घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top