हल्द्वानी। कोटाबाग में भाजपा नेता के बेटे ने जहर खाकर जान दे दी। परिजनों ने स्थानीय चौकी पुलिस के सिपाही पर युवक की पिटाई करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस की पिटाई से क्षुब्ध होकर उसने यह आत्मघाती उठाया। उधर कालाढूंगी थाना पुलिस ने पिटाई की बात से इन्कार किया है।
सयात गांव निवासी भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य विशन नगरकोटी मंडल महामंत्री और बीडीसी सदस्य भी रहे हैं। बताया कि शुक्रवार दोपहर उनका पुत्र कमल 31द्धत्र बाइक से जा रहा था। इसी दौरान चौकी के एक सिपाही ने उसे रोक लिया। चेकिंग के दौरान सिपाही ने उसे थप्पड़ मारा और अभद्रता की, यह बात कमल को चुभ गई। उसने कोटाबाग के बाजार में जहर खा लिया। पता चलने पर उसे बेस ले जाया गया, वहां से सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब 10 बजे वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
बताया जाता है कि जहर खाने से पहले कमल ने अपनी मां को फोन कर मामले की जानकारी दी थी। भाजपा नेता विशन ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर देंगे। कमल पिता के साथ ही ठेकेदारी का काम करता था। एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। बड़ा भाई आर्मी में है। मामले में कालाढूंगी के थानाध्यक्ष विजय मेहता का कहना है कि युवक के जहर खाने की जानकारी मिली है। उसके नशेड़ी होने का पता चला है। पुलिस कांस्टेबल की ओर से मारपीट जैसी कोई बात नहीं है।


Leave a Comment