हल्द्वानी। हल्द्वानी के हल्दूचौड़ इलाके में एक 16 साल की नाबालिग किशोरी के मॉ बनने पर सनसनी फैल गई। किशोरी को पेट में तेज दर्द के बाद अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की बात कही। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खास बात यह है कि पीडि़त और आरोपी दोनों ही नाबालिग हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ इलाके की पीडि़त किशोरी की मां का पहले ही देहांत हो चुका है। वह अपनी तीन बहनों और पिता के साथ रहती है। बीते दिनों अचानक किशोरी के पेट में तेज दर्द उठा। परिजन उसे सामान्य बीमारी समझकर डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जब किशोरी का मेडिकल चेकअप किया, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। डॉक्टरों ने बताया कि किशोरी गर्भवती है और उसे प्रसव पीड़ा हो रही है। दर्द असहनीय होने के कारण डॉक्टरों को तुरंत उसका प्रसव कराना पड़ा। किशोरी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है।
जब मामले का खुलासा हुआ तो पता चला कि पड़ोस में ही रहने वाले एक किशोर ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। बदनामी और डर के मारे किशोरी ने यह बात अपने पिता या बहनों को नहीं बताई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। इस केस में पीडि़त किशोरी और किशोर दोनों नाबालिग हैं। परिजनों की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।







Leave a Comment