बाजपुर। युवक-युवती के बीच कई साल से चल रहे प्रेम प्रसंग के बाद शादी से इनकार करने पर एक युवती ने बाजपुर कोतवाली गेट पर युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी। अचानक घटी इस घटना पर कुछ देर तक कोतवाली परिसर में अफरा तफरी का माहौल बन गया और वहां भीड़ जमा हो गई। पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कर युवक को युवती से अलग कराया और मौके पर जुटी भीड़ को हटाकर स्थिति को सामान्य कराया।
पुलिस के मुताबिक पुलिस चौकी बरेली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का बाजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक रिश्ते में युवती की बहन का देवर है। परिजनों की सहमति से दोनों के विवाह की बात भी तय हो गई थी, लेकिन बाद में युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इससे नाराज युवती पहले युवक के घर पहुंची, जिसके बाद मामला कोतवाली पहुंच गया। शनिवार सुबह दोनों पक्ष समझौते के लिए कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान जैसे ही युवती की नजर युवक पड़ी तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवती ने गाली गलौज करते हुए चप्पल निकालकर युवक की पिटाई कर दी। अचानक हुई घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर युवक -युवती को अलग कराया और वहां जमा भीड़ को तितर बितर करवाया।







Leave a Comment