Uttarakhand DIPR
drawn

बरसाती नाले में डूबने से दो सगी बहनों की मौत

खबर शेयर करें

देहरादून। क्लेमेनटाउन क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में बरसाती नाले में डूबने से दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे नई बस्ती निवासी राजेश मित्तल ने थाना क्लेमेनटाउन को सूचना दी कि दुर्गा मंदिर, नई बस्ती के पास बरसाती नाले में दो बच्चियां तेज बहाव में बह गई हैं और नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को नाले से बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगी बहनें थीं और अपनी मां रीना कुमारी के साथ नई बस्ती में किराये के मकान में रहती थीं।

परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है। रीना कुमारी और उनके पति दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के समय बच्चियों के पिता किसी काम से बिहार गए हुए थे। उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।

मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां दोपहर में घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान अचानक नाले में पानी का तेज बहाव आ गया और दोनों बच्चियां बहकर रैंप के नीचे फंस गईं।

काफी देर तक बच्चियों के दिखाई न देने पर उनकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान बड़ी बेटी का पैर रैंप के नीचे दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को नाले से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

kaadi ad 1 Follow us on Google News Follow us on WhatsApp Channel

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Rating

Scroll to Top