देहरादून । मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या नाम हटवाने के लिए मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ से लेकर तहसील और जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम) कार्यालय तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि मतदाताओं को पूरी प्रक्रिया के दौरान कम से कम असुविधा हो।
प्रेसवार्ता में डॉ. जोगदंडे ने बताया कि मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों के संबंध में करीब 19 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। वहीं, 5.26 लाख मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है। ऐसे मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र भर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नोटिस जारी करने की प्रक्रिया अलग-अलग जिलों में विभिन्न स्तरों पर चल रही है। अल्मोड़ा में करीब 80 प्रतिशत, चम्पावत में 62 प्रतिशत और पौड़ी में 51 प्रतिशत नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वहीं, टिहरी में केवल 4.7 प्रतिशत, उत्तरकाशी में 4.8 प्रतिशत और रुद्रप्रयाग में 5.5 प्रतिशत नोटिस ही अब तक जारी हो पाए हैं।







Leave a Comment