लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में आज सुबह एक महिला का शव मिलने से हडक़ंप मच गया। सुनसान स्थान पर शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता पत्ïनी स्वर्गीय संतपाल निवासी गोलागेट बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बेरीपड़ाव क्षेत्र में रह रही थी। परिवार में उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका है।
जानकारी के मुताबिक सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिजन देर रात तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। बुधवार सुबह खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान सुनीता के रूप में की। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।







Leave a Comment